वायरल न्यूज़

रूसी सैनिक ने चलाई गोली, 16 साल के बच्चे की जेब में रखे पासपोर्ट ने बचा दी जान

यूक्रेन में रूसी आक्रमण के सातवें दिन भी रूस के सैनिक तबाही मचा रहे हैं। पहले यह बताया जा रहा था कि रूस की सेना यूक्रेन के सिर्फ सैन्य ठिकानों पर ही हमला कर रही है जबकि अब नजारा कुछ और ही सामने आ रहा है। रूसी सेना ने भीड़-भाड़ वाले शहरी क्षेत्रों पर अपने हमले तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में यूक्रेन के एक सोलह साल के लड़के की जेब में रखे पासपोर्ट ने उसकी जान रूसी सैनिकों की गोली से बचाई है। इस पासपोर्ट की एक तस्वीर भी आई है।

यूक्रेन के विदेश मंत्रालय के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इस पासपोर्ट की एक तस्वीर शेयर की गई है। इसमें लिखा गया है, ‘यूक्रेन के पासपोर्ट में छर्रे का एक टुकड़ा फंस गया। इसने 16 साल के लड़के की जान बचाई है। लड़के का अभी ऑपरेशन किया जा रहा है। फिलहाल शहर में गोलाबारी जारी है।’ पासपोर्ट में दिख रहा है कि उसमें एक छेद हो गया है।

पासपोर्ट में गोली लगने की यह घटना यूक्रेन के मारियूपोल शहर की बताई गई है। यह पासपोर्ट 16 साल के बच्चे का है, बच्चे की जान पासपोर्ट की वजह से बच गई। यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने बताया कि हालांकि अभी वह हॉस्पिटल में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है। इससे पहले यूक्रेन ने एक बार फिर दावा किया है कि अब रूसी सेना आम नागरिकों को भी निशाना बना रही है और उन पर जमकर गोलीबारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button